आगरा। जिले के चित्राहाट इलाके में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
जिले के चित्राहाट थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। तेज रफ्तार बोलेरो के पेड़ से टकराने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। जानकारी के मुताबिक, इटावा निवासी परिवार कैलादेवी मंदिर में दर्शन कर लौट रहा था। नवरात्रि के पहले दिन पूजा-अर्चना के बाद सभी देर रात घर वापस आ रहे थे। रात करीब 11 बजे चित्राहाट क्षेत्र में तेज रफ्तार बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और छत का हिस्सा भी उखड़ गया। हादसे के दौरान जोरदार धमाके की आवाज से आसपास के लोग दहल उठे। इस हादसे में कांता प्रसाद (70), देवेंद्र (35), सीमा (30), आराध्या (3) और ऋषि (20) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन अन्य घायल व्यक्तियों को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।







