सिंगरौली। जिले में सवारी बसों के माध्यम से अम्बिकापुर से रेलिंग मटेरियल लाकर बिक्री किए जाने को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने आपत्ति जताई है। उनका आरोप है कि बिना बिल के मटेरियल आने से वैध रूप से कारोबार करने वाले दुकानदारों को नुकसान हो रहा है और शासन के राजस्व को भी क्षति पहुंच रही है।
जिले में सवारी बसों के माध्यम से अम्बिकापुर से रेलिंग मटेरियल लाए जाने को लेकर स्थानीय व्यापारियों ने जांच की मांग उठाई है। व्यापारियों का आरोप है कि कथित रूप से बिना बिल के मटेरियल आने से वैध रूप से कारोबार करने वाले दुकानदारों का व्यवसाय प्रभावित हो रहा है और शासन को राजस्व का नुकसान पहुंच रहा है। व्यापारियों के अनुसार, अम्बिकापुर से बैढ़न आने वाली कुछ यात्री बसों से प्रतिदिन रेलिंग मटेरियल पहुंचाया जा रहा है। उनका कहना है कि वे नियमानुसार बिल और टैक्स के साथ माल मंगवाते हैं, जबकि कथित रूप से बिना बिल आने वाला सामान कम कीमत पर बिकने से बाजार में असमान प्रतिस्पर्धा की स्थिति बन रही है। व्यापारियों ने यह भी कहा कि सवारी बसों में भारी मटेरियल की ढुलाई से यात्रियों को असुविधा होने के साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ता है। उन्होंने संबंधित विभागों से पूरे मामले की जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।






