सिंगरौली। सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत ग्राम पंचायत खम्हरिया में विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को विकास की नई सौगात दी। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अधोसंरचना योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में सड़क, पुलिया एवं स्कूल बाउंड्रीवाल निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण कार्यों का शुभारंभ किया गया।

ग्रामीण विकास को गति देने की दिशा में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने ग्राम पंचायत खम्हरिया में कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। जनपद पंचायत बैढ़न अंतर्गत आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों का उत्साह देखने लायक रहा। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं अधोसंरचना योजना के तहत गांव में पीसीसी सड़क, पुलिया, स्कूल बाउंड्रीवाल और आदिवासी बस्ती सड़क निर्माण जैसे कार्यों का शुभारंभ किया गया। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम के दौरान अजमेर सिंह के घर तक एवं रामसुमेर यादव के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण, डेवा टोला क्रमांक-01 स्कूल में बाउंड्रीवाल निर्माण और आदिवासी बस्ती के लिए सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण भी मिलेगा। विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी गांव-गांव तक मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।







