best news portal development company in india

गंगा दशहरा पर बिंदूल बना जल संरक्षण का उदाहरण, नदी सफाई से लेकर कलश यात्रा तक दिखा ग्रामीणों का उत्साह

SHARE:

सिंगरौली। गंगा दशहरा के शुभ अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिंदूल द्वारा जल स्रोत समागम अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के विकासखंड बैढ़न के निर्देशानुसार तथा नवांकुर संस्था ‘कर्मभूमि फाउंडेशन’ के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में ग्रामीणों ने जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया।

गंगा दशहरा के अवसर पर बिंदूल गांव में आस्था और जनभागीदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद जिला सिंगरौली के विकासखंड बैढ़न के निर्देश पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति बिंदूल द्वारा जल स्रोत समागम अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। नवांकुर संस्था ‘कर्मभूमि फाउंडेशन’ के मार्गदर्शन में हुए इस आयोजन में ग्रामीणों ने जल संरक्षण का संदेश देते हुए बेनियांव नदी और ढोढिया तालाब की साफ-सफाई कर श्रमदान किया। सुबह से ही ग्रामीण, महिलाएं और नवांकुर सखियां अभियान में जुट गईं। सबसे पहले बेनियांव नदी में सफाई अभियान चलाया गया, जिसके बाद ग्रामीणों ने ढोढिया तालाब में श्रमदान कर पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने का संकल्प लिया। ग्रामीणों का कहना था कि जल स्रोतों की सुरक्षा आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहद जरूरी है। श्रमदान के बाद ढोढिया तालाब से पवित्र जल लेकर महिलाओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक जयकारों के बीच निकली यह यात्रा अहिरान टोला स्थित शिव मंदिर पहुंची, जहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। पूरे गांव में धार्मिक और सामाजिक उत्साह का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सिंह, सचिव लाले सिंह, रोजगार सहायक मुकेश कुमार बियार सहित कई ग्रामीण जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वहीं प्रस्फुटन समिति के अध्यक्ष रामाधार यादव, सचिव शंकर लाल यादव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम को सफल बनाने में सेक्टर खनुआ की कार्यक्रम समन्वयक वंदना शाह, नवांकुर सखियों एवं ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में सभी ग्रामीणों ने जल स्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

Leave a Comment