best news portal development company in india

ट्राइमेस्टर जीरो का बढ़ता ट्रेंड: प्रेग्नेंसी से पहले 90 दिन की तैयारी पर जोर

SHARE:

नेशनल डेस्क। आज के दौर में फैमिली प्लानिंग को लेकर लोगों की सोच तेजी से बदल रही है। अब कपल्स गर्भधारण के बाद नहीं, बल्कि उससे पहले ही अपनी सेहत पर ध्यान देने लगे हैं। इसी बदलती सोच के बीच ‘ट्राइमेस्टर जीरो’ का कॉन्सेप्ट तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।

‘ट्राइमेस्टर जीरो’ का मतलब है प्रेग्नेंसी से पहले के 3 महीने, जिसमें कपल्स अपनी डाइट, एक्सरसाइज और मेडिकल जांच पर खास फोकस करते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक यह तैयारी गर्भधारण को आसान बनाती है और होने वाले बच्चे के स्वस्थ विकास में मदद करती है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल कई लोग 30 से 40 की उम्र में पैरेंट बनने का निर्णय लेते हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं। ऐसे में इस शुरुआती तैयारी का महत्व और बढ़ जाता है। इस दौरान थायराइड, डायबिटीज और पीसीओएस जैसी समस्याओं की जांच कर उन्हें नियंत्रित किया जा सकता है। साथ ही फोलिक एसिड जैसे जरूरी सप्लीमेंट्स भी शुरू किए जाते हैं, जो बच्चे के मस्तिष्क विकास के लिए अहम होते हैं। इस ट्रेंड की खास बात यह है कि अब सिर्फ महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष भी प्रेग्नेंसी की तैयारी में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे अपनी फर्टिलिटी जांच करा रहे हैं और बेहतर स्पर्म क्वालिटी के लिए धूम्रपान व शराब जैसी आदतों से दूरी बना रहे हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे Instagram और YouTube पर भी इस विषय को लेकर जागरूकता बढ़ी है, जिससे कपल्स अब ज्यादा जानकारी के साथ डॉक्टरों से संपर्क कर रहे हैं और एक व्यवस्थित तरीके से परिवार नियोजन कर रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञ चेतावनी देते हैं कि ‘परफेक्ट प्रेग्नेंसी’ के दबाव में आकर मानसिक तनाव लेना या बिना डॉक्टर की सलाह के सख्त डाइट और सप्लीमेंट्स लेना नुकसानदायक हो सकता है।

डॉक्टरों के अनुसार, सही मार्गदर्शन और संतुलित तैयारी के साथ अपनाया गया ‘ट्राइमेस्टर जीरो’ एक स्वस्थ और सुरक्षित मातृत्व की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।

Leave a Comment