सिंगरौली। कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने कुल 253 आवेदनों की सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान कई मामलों का मौके पर ही निराकरण भी कराया गया।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान कुल 253 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया। जनसुनवाई में सबसे अधिक शिकायतें विद्युत व्यवस्था से संबंधित रहीं। इस पर सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को बिजली आपूर्ति में सुधार तथा प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा विस्थापन संबंधी समस्याओं को लेकर भी कई आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिन पर अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पात्र हितग्राहियों को शीघ्र राहत प्रदान करने के निर्देश दिए गए। सीईओ ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निराकरण प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और आवेदकों की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।






