सिंगरौली। जिले में अवैध रेत परिवहन के खिलाफ की गई कार्रवाई के बाद तनावपूर्ण स्थिति बन गई। बरगवां क्षेत्र में अवैध रेत से लदे एक टिपर को जब्त किए जाने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कंपनी अधिकारी पर हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने अलग-अलग मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वैध रेत परिवहन के खिलाफ प्रशासनिक कार्रवाई के बाद जिले में रेत माफियाओं के विरोध का मामला सामने आया है। बरगवां क्षेत्र में अवैध रेत से भरे एक टिपर को जब्त किए जाने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर कंपनी के एक अधिकारी पर हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, सहकार ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड की फ्लाइंग स्क्वाड टीम ने बरगवां चेक पोस्ट पर जांच के दौरान अवैध रेत परिवहन कर रहे एक टिपर को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान वाहन को जब्त करते हुए वाहन मालिक और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई। बताया जाता है कि इस कार्रवाई से नाराज कुछ लोगों ने देर रात जियावन क्षेत्र में कंपनी के सर्कल प्रभारी सुशील कुमार मिश्रा की गाड़ी रोक ली। आरोप है कि उनके साथ मारपीट की गई, वाहन में तोड़फोड़ की गई और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। घटना के बाद जियावन थाना पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अवैध रेत परिवहन के मामले में भी पुलिस और संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई जारी है।






