सिंगरौली। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सह-सेन्टर में नन्हे बच्चों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाकर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वस्थ और पोलियो मुक्त सिंगरौली के संकल्प को दोहराते हुए अभिभावकों से अपने 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील की।
स्वस्थ और सुरक्षित बचपन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत जिला चिकित्सालय ट्रॉमा सह-सेन्टर में बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान की शुरुआत की।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि “हर बच्चे का स्वस्थ भविष्य हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। दो बूंद जिंदगी की, बच्चों को आजीवन सुरक्षा देने का सबसे प्रभावी माध्यम है।” उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही पोलियो मुक्त भारत का सपना साकार होगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी लोगों को जागरूक किया और घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक दिलाने में सहयोग करने का आह्वान किया। विधायक की पहल को अभिभावकों ने भी सराहा और अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी का भरोसा जताया।







