बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया में पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश पुलिस हिरासत से ही थाना परिसर से फरार हो गया। घटना सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और एसपी ओमवीर सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
थाना परिसर से 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी के फरार होने के मामले में पुलिस अधीक्षक ने सख्त कार्रवाई करते हुए तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करनई गांव में शराब के नशे में हंगामा कर रहे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर पीआरवी के हवाले किया था। पीआरवी उसे सुखपुरा थाने लेकर पहुंची, लेकिन मुहर्रम ड्यूटी में पुलिसकर्मियों की व्यस्तता का फायदा उठाकर आरोपी थाना परिसर के पीछे के रास्ते से फरार हो गया। जांच में उसकी पहचान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश प्रिंस यादव के रूप में हुई, जिसके खिलाफ जिले के कई थानों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने सुखपुरा थाने के मुंशी वीरेंद्र कुमार और आरक्षी भरत चौरसिया व सुनील यादव को निलंबित कर दिया। हालांकि पुलिस की सख्त घेराबंदी और बढ़ते दबाव के बीच प्रिंस यादव ने सोमवार को स्थानीय अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया।







