सिंगरौली। शासकीय मेडिकल कॉलेज सिंगरौली में जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाओं का विकास किया जाएगा। कलेक्टर गौरव बैनल की पहल पर सीएसआर मद से तैयार की गई खेल अधोसंरचना परियोजना को आदित्य बिरला सीएसआर से स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
शासकीय मेडिकल कॉलेज सिंगरौली के विद्यार्थियों को जल्द ही आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलने लगेगा। कलेक्टर गौरव बैनल की पहल पर सीएसआर मद से मेडिकल कॉलेज परिसर में खेल अधोसंरचना विकसित करने की परियोजना को आदित्य बिरला सीएसआर से स्वीकृति मिल गई है। निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। परियोजना के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में आधुनिक एक्रिलिक बास्केटबॉल कोर्ट, वॉलीबॉल कोर्ट, तीन बैडमिंटन कोर्ट, दो टेबल टेनिस टेबल और एक बिलियर्ड्स कक्ष का निर्माण किया जाएगा। इन सुविधाओं से मेडिकल विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ खेलकूद, व्यायाम और फिटनेस के लिए बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे उनके शारीरिक और मानसिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। जानकारी के अनुसार मेडिकल कॉलेज के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गौरव बैनल ने विद्यार्थियों के लिए खेल सुविधाओं के अभाव को गंभीरता से लिया था। इसके बाद उन्होंने सीएसआर मद से खेल अधोसंरचना विकसित कराने की पहल की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप परियोजना को स्वीकृति मिली और अब इसे धरातल पर उतारने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर का मानना है कि चिकित्सा शिक्षा के साथ विद्यार्थियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना भी उतना ही आवश्यक है। इसी सोच के अनुरूप मेडिकल कॉलेज में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थी तनावमुक्त वातावरण में अध्ययन के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी कर सकें। यह पहल मेडिकल कॉलेज में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






