अयोध्या। उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले से एक मार्मिक घटना सामने आई है। रेवली गांव में 80 वर्षीय भगवान तिवारी के निधन के कुछ ही घंटों बाद उनकी पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। एक ही दिन पति-पत्नी की मौत से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
जिले के रेवली गांव से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। 80 वर्षीय भगवान तिवारी के निधन के कुछ ही घंटों बाद उनकी पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। एक ही दिन पति-पत्नी की मौत से परिवार के साथ पूरा गांव शोक में डूब गया है। जानकारी के अनुसार, भगवान तिवारी का रविवार तड़के निधन हो गया था। सुबह करीब 11 बजे उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिजन और ग्रामीण अभी इस दुखद घटना से उबर भी नहीं पाए थे कि दोपहर में उनकी पत्नी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिवार के लोग उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन कुछ ही देर बाद उन्होंने भी अंतिम सांस ले ली। ग्रामीणों के मुताबिक, भगवान तिवारी और उनकी पत्नी ने जीवन के कई दशक साथ बिताए थे। दोनों हर सुख-दुख में एक-दूसरे के साथी रहे और बढ़ती उम्र में भी एक-दूसरे का सहारा बने रहे। गांव के लोगों का कहना है कि पति के निधन का गहरा सदमा पत्नी सहन नहीं कर सकीं और कुछ ही घंटों में उन्होंने भी दुनिया को अलविदा कह दिया। एक ही दिन घर से पति-पत्नी की अंतिम यात्रा निकलने से पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। इस मार्मिक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दीं। ग्रामीण इसे सच्चे प्रेम, समर्पण और जीवनभर साथ निभाने वाले रिश्ते की अनोखी मिसाल बता रहे हैं।







