best news portal development company in india

बिजली फिटिंग के दौरान छत से गिरा युवक, इलाज से पहले मौत; परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

SHARE:

सिंगरौली। जिले के जियावन थाना क्षेत्र अंतर्गत समदा गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई। बिजली फिटिंग का काम करते समय संतुलन बिगड़ने से युवक मकान की छत से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी के अनुसार, गोड़गवा निवासी राम लल्लू विश्वकर्मा (23) पिता त्रिवेणी प्रसाद विश्वकर्मा समदा गांव में मनोज द्विवेदी के मकान पर बिजली फिटिंग का कार्य कर रहा था। रविवार शाम करीब 7 बजे काम के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह छत से नीचे गिर पड़ा। ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर मौजूद मजदूरों और परिजनों ने तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवसर पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि हादसे के समय उसके साथ दो अन्य मजदूर भी काम कर रहे थे। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। राम लल्लू अपने पीछे पत्नी और दो छोटी बेटियों को छोड़ गया है, जिनके सिर से परिवार के मुखिया का साया उठ गया। घटना की सूचना मिलने पर जियावन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं गांव में इस दुखद घटना के बाद शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment