best news portal development company in india

स्वास्थ्य सेवाओं पर कलेक्टर सख्त, गर्भवती महिलाओं के शत-प्रतिशत पंजीयन और जांच के निर्देश

SHARE:

सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं कि जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत एएनसी पंजीयन और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कोई भी गर्भवती महिला जांच से वंचित नहीं रहनी चाहिए।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी), आयुष्मान भारत योजना, टीबी नियंत्रण और संक्रामक रोगों की रोकथाम संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने एनीमिया से पीड़ित गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनकी नियमित निगरानी और समय पर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एनआरसी की व्यवस्थाओं, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर, एम्बुलेंस सेवाओं और टीकाकरण अभियान की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने 8 से 18 जून तक चलने वाले विशेष कैच-अप अभियान के दौरान टीकाकरण से छूटे बच्चों को चिन्हित कर उनका पूर्ण टीकाकरण कराने पर जोर दिया। वर्षा ऋतु को देखते हुए उन्होंने मलेरिया और अन्य मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए अग्रिम तैयारियां करने तथा किसी भी रोग प्रकोप की सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र हितग्राहियों के शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाने और 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार और आमजन को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

Leave a Comment