सिंगरौली। विश्व पर्यावरण दिवस पर नवजीवन विहार सेक्टर-2 में आयोजित पर्यावरण प्रदर्शनी और पेंटिंग प्रतियोगिता बच्चों की प्रतिभा और जागरूकता का उत्सव बन गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सिंगरौली विधायक Ramniwas Shah ने विद्यार्थियों की कलाकृतियों का अवलोकन कर उनका उत्साहवर्धन किया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सिंगरौली विधायक Ramniwas Shah ने नवजीवन विहार सेक्टर-2 में आयोजित पर्यावरण प्रदर्शनी एवं पेंटिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ कर बच्चों और युवाओं का उत्साह बढ़ाया। युवा मंच नवजीवन विहार, विज्ञान प्रकोष्ठ सिंगरौली एवं वार्ड पार्षद श्यामला वर्मा के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में 15 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
विधायक रामनिवास शाह ने विद्यार्थियों द्वारा पर्यावरण संरक्षण, प्रकृति संवर्धन और जलवायु जागरूकता पर तैयार किए गए चित्रों और मॉडलों का अवलोकन किया तथा उनकी रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान शिक्षक एवं सहायक विकासखंड विज्ञान अधिकारी शरद कुमार पाण्डेय की पुस्तक “विहान” का विमोचन भी किया गया। विधायक ने इसे शिक्षा और वैज्ञानिक चेतना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया। इस अवसर पर प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, शिक्षकों और समाजसेवियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विधायक ने कहा कि शिक्षा, विज्ञान और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ-साथ नई पीढ़ी को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेने और स्वच्छ, हरित एवं सुरक्षित सिंगरौली के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।







