सिंगरौली। जिले के देवसर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरई निवासी श्रीमती लीलावती गुप्ता को गंभीर हालत में “पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा” के माध्यम से एम्स भोपाल भेजा गया। मरीज ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में उपचाराधीन थीं, जहां डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर किया था।
गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की दिशा में सिंगरौली प्रशासन की संवेदनशील पहल देखने को मिली। देवसर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सरई निवासी श्रीमती लीलावती गुप्ता को गंभीर हालत में “पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा” के जरिए एम्स भोपाल भेजा गया। मरीज ट्रॉमा सेंटर बैढ़न में भर्ती थीं। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने तत्काल उच्च स्तरीय उपचार की सलाह दी। सूचना मिलते ही देवसर विधायक डॉ. राजेंद्र मेश्राम ने पहल की, जिसके बाद सिंगरौली कलेक्टर गौरव बैनल ने स्वास्थ्य विभाग के साथ तेजी से समन्वय कर एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित कराई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह और मेडिकल टीम ने कुछ ही घंटों में सभी आवश्यक अनुमतियां और प्रक्रियाएं पूरी कीं। इसके बाद मरीज को सिंगरौली हवाई पट्टी से सुरक्षित एम्स भोपाल रवाना किया गया। कलेक्टर गौरव बैनल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में संचालित “पीएम श्री एयर एम्बुलेंस सेवा” जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है। वहीं मरीज के परिजनों ने भावुक होकर मुख्यमंत्री, जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का आभार जताते हुए कहा कि समय पर मिली इस सुविधा ने उनकी उम्मीदें जिंदा रखीं।







