वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के डॉक्टरों ने एक जटिल एंडोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए मरीज की खाने की नली में 20 दिनों से फंसा नकली दांत सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया।
वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय में डॉक्टरों ने एक मरीज की खाने की नली में 20 दिनों से फंसा नकली दांत सफलतापूर्वक बाहर निकालकर बड़ी राहत दी। जानकारी के अनुसार, नुकीला नकली दांत खाने की नली को लगातार नुकसान पहुंचा रहा था, जिससे अंदर घाव बन गया था और मरीज को खाना निगलने में परेशानी हो रही थी। हालत गंभीर होने के कारण मरीज का करीब 10 किलो वजन भी कम हो गया था। गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट डॉ. अनुराग तिवारी और उनकी टीम ने करीब 45 मिनट तक चली जटिल एंडोस्कोपी प्रक्रिया के जरिए दांत को सुरक्षित बाहर निकाला। डॉक्टरों ने बताया कि थोड़ी सी लापरवाही मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी। सफल प्रक्रिया के बाद मरीज को दो घंटे के भीतर भोजन करने की अनुमति दे दी गई। डॉक्टरों ने नकली दांत इस्तेमाल करने वाले लोगों को सतर्क रहने और नियमित जांच कराने की सलाह दी है।







