सिंगरौली। अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बरगवां पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी निरीक्षक मो. समीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 152 लीटर से अधिक अवैध शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगाम लगाने के लिए बरगवां पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक मो. समीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ऐसी कार्रवाई को अंजाम दिया, जिसने शराब तस्करों के नेटवर्क में खलबली मचा दी। पुलिस ने 152 लीटर से अधिक अवैध शराब से भरी स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की है। रात्रि गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना पर पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाकर घेराबंदी शुरू की। पुलिस की सक्रियता और दबाव के चलते शराब तस्करों की कार ग्राम ओडगड़ी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि वाहन के अंदर और सड़क पर शराब की बोतलें बिखरी पड़ी थीं। तलाशी में रॉयल स्टेज बैरेल व्हिस्की और आफ्टर डार्क ब्लू व्हिस्की की बड़ी खेप बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत करीब 1 लाख 81 हजार रुपये बताई गई है, वहीं परिवहन में इस्तेमाल कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट के खेल का भी पर्दाफाश किया। जांच में सामने आया कि वाहन में अलग-अलग नंबर प्लेट लगाकर अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर तस्करों की तलाश तेज कर दी है। बरगवां पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक मो. समीर, सउनि वीरेन्द्र त्रिपाठी, प्रधान आरक्षक फूल सिंह, संजय यादव, अनूप मिश्रा, नंदकिशोर बागरी, आरक्षक अरविंद यादव, शिवराज तोमर, औरीष गुर्जर एवं प्रतीक कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस सक्रियता की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।







