सिंगरौली। जिले में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से वार्ड क्रमांक 41 स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का संयुक्त निरीक्षण किया गया। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास जितेंद्र गुप्ता और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ने केंद्र पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच, एएनसी टीकाकरण और बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की गहन समीक्षा की। सीएमएचओ डॉ. सिंह ने मौके पर मौजूद एएनएम और सीएचओ को निर्देश दिए कि क्षेत्र की सभी गर्भवती महिलाओं की एएनसी और हीमोग्लोबिन (एचबी) जांच नियमित रूप से कराई जाए। निरीक्षण के दौरान केंद्र पर मौजूद एक गर्भवती महिला को बेहतर इलाज के लिए तत्काल जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। साथ ही अधिकारियों ने महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों का मिलान कर पारदर्शिता बनाए रखने पर जोर दिया। अधिकारियों ने कहा कि सही डेटा और समन्वय के माध्यम से ही शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जा सकता है।







