सिंगरौली। जिले की स्थापना की 18वीं वर्षगांठ एवं नगर निगम के स्थापना दिवस के अवसर पर 24 मई से सिंगरौली महोत्सव एवं नगर गौरव दिवस का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम राजमाता चून कुमारी स्टेडियम, बैढ़न में आयोजित होगा।
कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने आयोजन के सफल संचालन हेतु विभिन्न समितियों का गठन करते हुए अधिकारियों को पृथक-पृथक जिम्मेदारियां सौंपी हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी तथा सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं श्रृंगेरी पर्यटन विकास समिति को नोडल शाखा के रूप में जिम्मेदारी दी गई है। महोत्सव में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बॉलीवुड नाइट, स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियाँ एवं कवि सम्मेलन प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अलावा प्रदर्शनी, रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी समितियों को निर्देश दिए हैं कि वे 11 मई 2026 तक अपनी विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अनुमोदन प्राप्त करें, ताकि समय पर सभी तैयारियां पूरी की जा सकें। कार्यक्रम स्थल पर बिजली, पेयजल, चिकित्सा दल (एम्बुलेंस सहित) और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। आमंत्रण पत्रों की डिजाइन, मुद्रण एवं वितरण की जिम्मेदारी आयुक्त नगर निगम एवं तहसीलदार सिंगरौली को सौंपी गई है। साथ ही दर्शकों और अतिथियों के लिए पास कार्ड जारी करने तथा स्थानीय कलाकारों को उत्कृष्टता प्रमाण पत्र देने के निर्देश भी दिए गए हैं। लोक निर्माण विभाग को बेरिकेडिंग और वन विभाग को आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।







