सिंगरौली। जिले में जनगणना 2026 का कार्य शुरू हो गया है। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री गौरव बैनल के निर्देशन में यह प्रक्रिया दो चरणों में पूरी की जाएगी। पहले चरण के तहत 1 मई से 30 मई तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जा रहा है।
जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर से ‘जनगणना प्रचार रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर श्री पी.एस. त्रिपाठी और संयुक्त कलेक्टर व जिला जनगणना अधिकारी श्री संजीव पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित रहकर रथ को रवाना किया। यह प्रचार रथ जिले के नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों को जनगणना के महत्व और इसमें सहयोग की आवश्यकता के बारे में जागरूक करेगा। प्रशासन के अनुसार, पहले चरण में प्रगणक घर-घर जाकर मकानों की स्थिति से जुड़ी जानकारी जैसे भवन संख्या, फर्श, दीवार और छत की सामग्री, मकान का उपयोग और उसकी स्थिति का विवरण दर्ज करेंगे। इसके अलावा परिवार से संबंधित अहम जानकारी जैसे परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, जाति वर्ग, मकान स्वामित्व, और विवाहित दंपत्तियों की संख्या भी संकलित की जाएगी। मूलभूत सुविधाओं के अंतर्गत पेयजल स्रोत, शौचालय, बिजली, रसोईघर और एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन जैसी जानकारी ली जाएगी। साथ ही परिवार के पास उपलब्ध संसाधनों जैसे टीवी, मोबाइल, इंटरनेट, लैपटॉप, साइकिल, स्कूटर, कार आदि का विवरण भी दर्ज किया जाएगा।







