सिंगरौली। जिले में तेन्दूपत्ता संग्रहण वर्ष 2026 को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वन विभाग के अनुसार 12 मई 2026 से संग्रहण कार्य शुरू किया जाएगा, जिससे बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों को रोजगार और आर्थिक लाभ मिलेगा।
एसडीओ वन मंडल एन.के. त्रिपाठी ने बताया कि इस वर्ष सिंगरौली जिले को 1,77,070 मानक बोरा तेन्दूपत्ता संग्रहण का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य की पूर्ति के लिए 75 प्राथमिक वनोपज सहकारी समितियों के अंतर्गत करीब 910 संग्रहण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां उच्च गुणवत्ता वाले पत्तों का संग्रहण किया जाएगा।
संग्रहण कार्य को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए वन मंडल कार्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों और ठेकेदारों की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 12 मई से कार्य प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया।
वन विभाग ने बताया कि इस वर्ष तेन्दूपत्ता की दर 400 रुपये प्रति सैकड़ा निर्धारित की गई है। साथ ही पत्तों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। संग्राहकों को निर्देश दिए गए हैं कि गड्डी में शामिल पत्ते पूरी तरह बीड़ी निर्माण योग्य हों और उनमें कटे-फटे या खराब पत्ते न हों।
जिले में वर्तमान में लगभग 1,38,670 पंजीकृत संग्राहक हैं, जिनके माध्यम से करीब 2,82,979 लोगों को सीधे रोजगार और आय का लाभ मिलने की संभावना है। विभाग ने संग्राहकों से अपील की है कि वे मानक के अनुरूप अधिक से अधिक गुणवत्तायुक्त पत्तों का संग्रहण कर योजना का लाभ उठाएं।







