सिंगरौली। जनगणना 2027 के तहत नगरीय क्षेत्र के जोन क्रमांक-3 में प्रथम चरण—मकान गणना कार्य का शुभारंभ गरिमामयी एवं उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया।
जिले में जनगणना 2027 के तहत नगरीय क्षेत्र के जोन क्रमांक-3 में प्रथम चरण—मकान गणना कार्य की शुरुआत कर दी गई है। शुभारंभ कार्यक्रम गरिमामयी माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें सिंगरौली विधानसभा के विधायक रामनिवास शाह, महापौर रानी अग्रवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष सुन्दर लाल शाह, पूर्व महापौर रेनू शाह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रगणकों ने मकान गणना की प्रक्रिया और उसकी उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घर-घर जाकर आंकड़ों का संकलन किया जा रहा है, जिससे भविष्य की योजनाओं का आधार तैयार होगा। इस मौके पर विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और सटीक आंकड़े ही विकास योजनाओं को दिशा देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे प्रगणकों को सही जानकारी देकर इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग करें। अधिकारियों ने भी जनभागीदारी को विकास की कुंजी बताते हुए सभी नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। नगरीय क्षेत्र में यह कार्य नगर निगम आयुक्त एवं प्रमुख नगर जनगणना अधिकारी सविता प्रधान के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है, जिसमें मकानों और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी जानकारी एकत्र की जा रही है।







