दमोह। जिले के समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यहां एक सिरफिरे आरोपी ने 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने किशोर के शरीर से मांस निकालकर खाने और खून पीने जैसी वीभत्स हरकत भी की। घटना के बाद गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां एक सिरफिरे युवक ने 16 वर्षीय किशोर की लोहे की रॉड और हथौड़े से बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि हत्या के बाद उसने किशोर के शरीर से मांस निकालकर खाने और खून पीने जैसी वीभत्स हरकत भी की। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। जानकारी के अनुसार अर्थखेड़ा गांव निवासी 16 वर्षीय भरत विश्वकर्मा अपनी बहन तमन्ना के घर भाईदूज का टीका लगवाने समन्ना गांव आया था। टीका लगाने के बाद जब वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहा था, तभी गांव के ही आरोपी गुड्डा पटैल ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले लोहे की रॉड से किशोर के सिर पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी पास से लोहे का हथौड़ा लाया और उसके सिर पर कई वार किए, जिससे किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने कथित रूप से मृतक के सिर से मांस निकालकर खाया और खून पीने की कोशिश की। यह भयावह दृश्य देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। जब लोगों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की तो वह भागकर पास के एक खेत में छिप गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खेत की घेराबंदी कर दी। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़ने के लिए पथराव भी किया। भीड़ इतनी उग्र हो गई कि पुलिस को भी खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागना पड़ा। वहीं आरोपी भी खेत से ग्रामीणों और पुलिस पर पत्थर फेंकता रहा और पास आने वालों पर लोहे की रॉड से हमला करने की कोशिश करता रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को काबू में कर लिया और भीड़ से बचाते हुए उसे थाने ले गई। मामले को लेकर सीएसपी H. R. Pandey ने बताया कि आरोपी गुड्डा पटैल पहले भी हत्या के मामले में सजा काट चुका है। कुछ वर्ष पहले उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी थी, जिसके बाद उसे जेल हुई थी। हाल ही में जेल से छूटने के बाद उसने यह जघन्य वारदात कर दी।







