best news portal development company in india

सिंगरौली विधायक राम निवास शाह ने नगरीय विकास कार्यों की समीक्षा, गुणवत्ता और समय सीमा पर दिया जोर

SHARE:

सिंगरौली। जिले के नगर पालिक निगम सभागार में आयोजित बैठक में विधायक की अध्यक्षता में नगरीय क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में सुरेश जाधव एवं नगर निगम आयुक्त भी मौजूद रहीं। बैठक की शुरुआत में आयुक्त सविता प्रधान ने विधायक का स्वागत करते हुए नगर निगम क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

बैठक के दौरान विधायक राम निवास शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। विधायक ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवास निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। जिन हितग्राहियों को पहली किस्त मिलने के बाद उन्होंने समय पर आवास निर्माण पूरा कर लिया है, उन्हें दूसरी किस्त की राशि शीघ्र जारी की जाए। वहीं जिन हितग्राहियों ने किस्त मिलने के बावजूद निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया है, उनसे समन्वय बनाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि यह केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जानी चाहिए।

बैठक में अमृत योजना 2.0 के तहत पेयजल व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। विधायक ने कहा कि गर्मी का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए जिन वार्डों में पाइपलाइन पहुंच चुकी है वहां शत-प्रतिशत नल कनेक्शन दिए जाएं। वहीं जिन क्षेत्रों में अभी पाइपलाइन नहीं पहुंची है, वहां शीघ्र पाइपलाइन बिछाकर पेयजल उपलब्ध कराया जाए, ताकि गर्मी के दौरान जल संकट की स्थिति उत्पन्न न हो। इसके अलावा सीवर और गैस पाइपलाइन डालने के दौरान क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत को लेकर भी विधायक ने निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित ठेकेदार कार्य पूर्ण होने के बाद तुरंत सड़कों की मरम्मत कराएं, ताकि आमजन के आवागमन में किसी प्रकार की समस्या न हो। अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment