दमोह। जिले के समन्ना गांव में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। बहन के घर भाई दूज पर टीका लगवाने जा रहे 16 वर्षीय किशोर भरत विश्वकर्मा की गांव के ही गुड्डा पटेल ने हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार भरत विश्वकर्मा अपने चचेरे भाई विजय विश्वकर्मा के साथ बहन के घर दूज पर टीका लगवाने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपी गुड्डा पटेल ने अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने भरत के सिर पर हथौड़े और रॉड से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी हथौड़ा लेकर खेतों की ओर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर खेतों में उसकी घेराबंदी की। इस दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों और ग्रामीणों पर हमला करने का प्रयास भी किया, लेकिन जब उसके हाथ से हथियार छूट गया तो ग्रामीणों ने पथराव कर उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक भरत विश्वकर्मा अर्थ खेड़ा गांव का रहने वाला था और दोपहर करीब 1:30 बजे बहन के घर जा रहा था। घटना के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में सजा काट चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।







