सिंगरौली। शहर के रामलीला मैदान में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती दंगल सीजन-7 का शानदार शुभारंभ हुआ। पहले ही दिन 25 से अधिक रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को देर रात तक रोमांचित किया। देश-विदेश से आए नामी पहलवानों ने अपने जबरदस्त दांव-पेंचों से खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया। दंगल का उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदर शाह, पूर्व विधायक रामलल्लू वैश्य, पूर्व महापौर प्रेमवती खैरवार, भाजपा नेता गिरीश द्विवेदी एवं नगर निगम अध्यक्ष देवेश पाण्डेय द्वारा किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना बनाए रखने की अपील करते हुए आयोजन की सराहना की।
विदेशी पहलवानों ने भी बिखेरा जलवा-
पहला मुकाबला भूटान की चिमचिम ढोंगरा और आगरा के पहलवान के बीच हुआ। चिमचिम ने आक्रामक शुरुआत करते हुए जीत दर्ज की। राजस्थान के तूफान पहलवान और हरिद्वार के शास्त्री पहलवान के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जिसमें शास्त्री ने बाज़ी मार ली। जम्मू के रिज़वान गनी ने केरल के हलचल पहलवान को चित किया, जबकि वेस्ट बंगाल के धमाका पहलवान और प्रसांत ठाकुर का मुकाबला बराबरी पर छूटा। फैज़न गनी (जम्मू) ने राजस्थान के बिल्ला पहलवान को शिकस्त दी।
कई मुकाबले रहे रोमांचक और बराबरी पर-
मथुरा के कुलदीप और समस्तीपुर के पंकज पहलवान के बीच मुकाबले में पंकज विजयी रहे। ठाकुर जल्लाद सिंह (राजस्थान) बनाम राजू पहलवान (नेपाल), बाबा अजमेरी (अयोध्या) बनाम जग्गु पहलवान (हरियाणा), राहुल पाण्डेय (हरियाणा) बनाम काली पहलवान (मुजफ्फरनगर)—इन सभी मुकाबलों का फैसला बराबरी पर हुआ। बाबा नागेंद्र दास (अयोध्या) ने कुरुक्षेत्र के मुन्ना पहलवान को हराया, जबकि पागल बाबा ने आगरा के देवा पहलवान को मात दी। भारत केसरी रामेश्वर पहलवान की जीत पर दर्शकों ने खड़े होकर स्वागत किया।
महिला मुकाबलों में भी दिखी टक्कर-
महिला वर्ग में भी जबरदस्त मुकाबले हुए। दिल्ली की वैसाली ने सिंगरौली की कात्यायनी को पराजित किया। कोमल (उत्तराखंड) और मोनिका मिश्रा (कानपुर), रिया द्विवेदी (सीधी) और पूनम (इटावा), आकांक्षा (दिल्ली) और मुस्कान (कानपुर), सरिता (हरियाणा) और खुशी पाल (कानपुर)—इन सभी मुकाबलों का परिणाम बराबरी रहा।







