सिंगरौली। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 की तैयारियों के तहत नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने नगरीय क्षेत्र में संचालित प्रमुख औद्योगिक इकाइयों एवं विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित किया गया।
नगर पालिक निगम सिंगरौली में स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने की, जिसमें नगरीय क्षेत्र में संचालित प्रमुख औद्योगिक इकाइयों सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल), एनटीपीसी लिमिटेड (एनटीपीसी) सहित अन्य कंपनियों के प्रतिनिधियों से सर्वेक्षण में सक्रिय भागीदारी और सहयोग का आग्रह किया गया। आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, स्रोत पर कचरा पृथक्करण, गार्बेज फ्री सिटी, ओडीएफ प्लस-प्लस, नागरिक सहभागिता और डिजिटल मॉनिटरिंग जैसे प्रमुख मानकों पर विशेष फोकस किया जाए। सभी विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवगत कराया गया कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 की टूलकिट शासन द्वारा जारी कर दी गई है। यह सर्वेक्षण का 10वां संस्करण होगा, जिसमें वर्ष 2025 और 2026 का मूल्यांकन एक साथ किया जाएगा। इस बार की टैगलाइन है— “स्वच्छता की नई पहल, बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ।” टूलकिट के तहत कचरा सेग्रिगेशन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, स्वच्छता सुविधाओं तक पहुंच, प्रयुक्त जल प्रबंधन, जागरूकता अभियान, स्वच्छता कर्मचारियों का कल्याण, नागरिक प्रतिक्रिया और शिकायत निवारण सहित 10 अध्यायों में 173 बिंदुओं पर मूल्यांकन किया जाएगा।







