सिंगरौली। जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। आजादपुर गांव निवासी संदीप यादव पर अज्ञात हमलावरों ने बर्बर हमला कर उसके एक पैर और हाथ की उंगलियां काट दीं। सिर और पीठ पर गंभीर चोटें पहुंचाने के बाद हमलावर उसे घायल अवस्था में पोखरा गांव के पास अरहर के खेत में फेंककर फरार हो गए।
जिले के बरगवां थाना क्षेत्र से सनसनीखेज मामला सामने आया है। आजादपुर गांव निवासी संदीप यादव पर अज्ञात हमलावरों ने हैवानियत की हदें पार करते हुए हमला किया। आरोप है कि हमलावरों ने युवक का एक पैर काट दिया, हाथ की उंगलियां काट दीं और सिर व पीठ पर गंभीर चोट पहुंचाकर उसे पोखरा गांव स्थित अरहर के खेत में फेंककर फरार हो गए। ग्रामीणों ने खेत में युवक को गंभीर हालत में पड़ा देखा और तुरंत परिजनों तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरगवां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए मोरवा एसडीओपी गौरव पांडे और बरगवां थाना प्रभारी समीर वासरी भी घटनास्थल पर पहुंचे। डॉग स्क्वॉड टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए और आरोपियों की तलाश शुरू की। घटनास्थल पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम द्वारा बारीकी से निरीक्षण किया गया। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कर आवश्यक साक्ष्य जब्त किए गए। पुलिस का दावा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। पोखरा गांव में युवक का इस हालत में मिलना पूरे क्षेत्र में सनसनी का कारण बन गया है। संदीप यादव का घर आजादपुर में है, जो घटनास्थल से लगभग 4 से 5 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि हमलावर उसे वहां तक कैसे ले गए और घटना को किस वजह से अंजाम दिया गया।







