सिंगरौली। सिंगरौली क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की सहूलियत को लेकर मध्य प्रदेश के सिंगरौली विधानसभा क्षेत्र से माननीय विधायक श्री रामनिवास शाह द्वारा रेलवे को कई महत्वपूर्ण सुझाव और प्रस्ताव सौंपे गए थे। आयोजित एक उच्च स्तरीय बैठक में रखे गए इन प्रस्तावों पर रेलवे प्रशासन (पूर्व मध्य रेलवे) ने अपनी विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट जारी की है।

सिंगरौली जिले को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने और क्षेत्र के आधारभूत विकास को नई गति देने की दिशा में विधायक रामनिवास शाह लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने पूर्व मध्य रेल क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति की बैठक में भाग लेते हुए सिंगरौली की जनता से जुड़े वर्षों पुराने रेल विकास के मुद्दों को प्रमुखता के साथ उठाया। पटना के होटल मौर्या स्थित कौटिल्य हॉल में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में विधायक ने सिंगरौली के यात्रियों की सुविधाओं, रेलवे अधोसंरचना के विकास तथा क्षेत्रीय आवश्यकताओं को विस्तार से रखा।

विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि सिंगरौली देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में अपनी महत्वपूर्ण पहचान रखता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रमिक, कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यापारी और आम नागरिक रेल यात्रा करते हैं, लेकिन सुविधाओं के अभाव में उन्हें अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में रेलवे सुविधाओं का विस्तार और आधुनिकीकरण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
बैठक में विधायक श्री शाह नें सबसे पहले सिंगरौली रेलवे नाला पर पुलिया के शीघ्र निर्माण की मांग रखते हुए कहा कि इसके बनने से स्थानीय लोगों का आवागमन सुगम होगा और लंबे समय से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान होगा। इसके साथ ही उन्होंने सिंगरौली रेलवे स्टेशन के सामने स्थित पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग करते हुए कहा कि स्टेशन क्षेत्र का आकर्षक एवं व्यवस्थित स्वरूप यात्रियों और शहर की पहचान को नई छवि देगा।
यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विधायक श्री शाह ने रेलवे स्टेशन पर आधुनिक एस्केलेटर लगाने की आवश्यकता भी प्रमुखता से रखी। उनका कहना था कि बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगजनों और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने रेलवे आवासीय कॉलोनी में उड़ने वाली धूल की समस्या का भी मुद्दा उठाते हुए स्थायी समाधान की मांग की, ताकि वहां रहने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
रेल सेवाओं के विस्तार को लेकर विधायक श्री शाह ने गाड़ी संख्या 03379/03380 धनबाद–लोकमान्य टर्मिनस (मुंबई) एक्सप्रेस का नियमित संचालन प्रारंभ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस ट्रेन के नियमित संचालन से सिंगरौली सहित आसपास के हजारों यात्रियों को मुंबई और अन्य प्रमुख शहरों तक बेहतर रेल संपर्क मिलेगा तथा रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए आवागमन आसान होगा।
विधायक श्री शाह ने रेलवे की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) निधि का उपयोग सिंगरौली क्षेत्र के विकास कार्यों में किए जाने का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि रेलवे की सामाजिक भागीदारी से क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय जनता को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान विधायक श्री शाह ने स्पष्ट किया कि सिंगरौली के विकास और जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को वह हर उचित मंच पर पूरी मजबूती के साथ उठाते रहेंगे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन इन सभी जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा।
सिंगरौली में रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर विधायक रामनिवास शाह की यह पहल क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है। इससे यह संदेश भी गया है कि जिले की आधारभूत जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर के मंचों पर प्रभावी ढंग से रखने के लिए वे निरंतर सक्रिय हैं।







