सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रैला गांव में सोमवार शाम कोयला परिवहन के दौरान हुए सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया, जिससे मार्ग पर घंटों तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
माड़ा थाना क्षेत्र के रैला गांव में सोमवार शाम कोयला परिवहन कर रहे ट्रेलर की टक्कर से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर चक्काजाम कर दिया, जिससे मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जानकारी के अनुसार, पार्वती शाह अपने पति नेत्र लाल साहू के साथ मोटरसाइकिल से रजमिलान से माड़ा जा रही थीं। इसी दौरान एक निजी कंपनी के लिए कोयला परिवहन कर रहे ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में पार्वती शाह के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही माड़ा थाना पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से चर्चा कर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।







