सिंगरौली। जिले के वार्ड क्रमांक 38 तुलसी बलियरी के पार्षद एवं अपीलीय समिति सदस्य अनिल कुमार वैश्य ने जनहित की पहल करते हुए वर्षा ऋतु से पहले वार्ड के जरूरतमंद परिवारों को एनटीपीसी की सीएसआर मद से छाता एवं मच्छरदानी वितरित कर राहत पहुंचाई।
जनप्रतिनिधि यदि संवेदनशील हो तो छोटी-छोटी पहल भी लोगों के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है। इसका उदाहरण वार्ड क्रमांक 38 तुलसी बलियरी में देखने को मिला, जहां पार्षद एवं अपीलीय समिति सदस्य अनिल कुमार वैश्य ने वर्षा ऋतु को देखते हुए जरूरतमंद परिवारों को एनटीपीसी की सीएसआर मद से छाता और मच्छरदानी वितरित कर राहत पहुंचाई। श्री वैश्य ने कहा कि बरसात के मौसम में लोगों को केवल सुविधाएं देना ही नहीं, बल्कि उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। उन्होंने वार्डवासियों से साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव रोकने और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य वार्ड के हर परिवार तक जनकल्याणकारी योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी सोच के साथ भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे प्रयास लगातार जारी रहेंगे। यह पहल वार्डवासियों के बीच सराहना का विषय बनी।







