नेशनल डेस्क। पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के दौरान हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस जांच ने सनसनीखेज मोड़ ले लिया है। शुरुआत में दुर्घटना समझे गए इस मामले को अब पुलिस कथित हत्या की साजिश मान रही है। जांच में सामने आए सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल और डिजिटल साक्ष्यों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं।
जानकारी के अनुसार 18 जून को 26 वर्षीय केतन अग्रवाल अपनी मंगेतर सिया गोयल के साथ लोहागढ़ किले पर ट्रेकिंग के लिए गए थे। इसी दौरान केतन करीब 400 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया और तेज हवा के कारण यह हादसा हुआ। मामले की जांच के दौरान किले के टिकट काउंटर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में एक युवक हुडी पहनकर संदिग्ध परिस्थितियों में घूमता दिखाई दिया, जिसकी पहचान बाद में चेतन चौधरी के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, भीषण गर्मी के बावजूद उसका चेहरा ढंककर रखना और लगातार केतन-सिया के आसपास मंडराना संदेह को बढ़ाने वाला था।
जांच में कॉल डिटेल रिकॉर्ड ने भी कई सवाल खड़े कर दिए। पुलिस अधीक्षक के मुताबिक चेतन और सिया पिछले एक वर्ष से एक-दूसरे को जानते थे। 1 जनवरी से 18 जून के बीच दोनों के बीच 2004 फोन कॉल हुए और करीब 238 घंटे बातचीत दर्ज की गई। इसके अलावा पुलिस को यह भी पता चला कि घटना वाले दिन चेतन ने अपना मोबाइल फोन एक दुकान पर छोड़ दिया था तथा इंटरनेट सेवाएं बंद रखी थीं। पुलिस का दावा है कि चेतन और सिया के बीच प्रेम संबंध थे तथा दोनों ने मिलकर केतन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। जांचकर्ताओं के अनुसार सिया शादी से पहले अपने रिश्ते को बदलना चाहती थी और उसने कई बार केतन को लोहागढ़ किले ले जाने का प्रयास किया था। फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है और अंतिम सच्चाई अदालत में पेश होने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगी।







