सिंगरौली। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को आकर्षक और सुविधायुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम ने कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान ने अमृत योजना के अंतर्गत तेलाई लेक एवं काचन नदी तट पर चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
तेलाई लेक परिसर के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने 500 पौधों का रोपण कर क्षेत्र को हरित एवं पर्यावरण अनुकूल बनाने पर जोर दिया। उन्होंने पौधों के संरक्षण और नियमित देखरेख की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही लेक परिसर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था विकसित करने और पेवर ब्लॉक के आसपास के क्षेत्रों का सौंदर्यीकरण कराने को कहा। काचन नदी तट पर आयुक्त ने नागरिकों के लिए आधुनिक वॉकिंग पाथवे और ब्रिज पर आकर्षक रेलिंग निर्माण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नदी तट को ऐसा विकसित किया जाए जिससे यह शहरवासियों के लिए मनोरंजन और भ्रमण का प्रमुख केंद्र बन सके। धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए दुर्गा एवं गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए सुरक्षित विसर्जन रैंप निर्माण तथा नागरिक सुविधाओं के लिए आधुनिक यूरिनल निर्माण को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्य पूरे होने के बाद तेलाई लेक और काचन नदी क्षेत्र शहर के प्रमुख पर्यटन एवं जनसुविधा केंद्र के रूप में उभरेंगे।







