सिंगरौली। जिले में विकास कार्यों और जनसुविधाओं को गति देने के उद्देश्य से आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर गौरव बैनल ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में सड़क निर्माण, वनाधिकार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पौधरोपण और सीएम हेल्पलाइन सहित कई महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने मॉडल रोड निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क किनारे पड़े मलबे और गिट्टी को तत्काल हटाया जाए तथा नियमित पानी का छिड़काव कर आम नागरिकों को धूल से राहत दिलाई जाए। उन्होंने निर्माण स्थलों पर सुरक्षा संकेतक लगाने के भी निर्देश दिए। बैठक में ट्रॉमा सेंटर में ब्लड बैंक स्थापना की दिशा में तेजी लाने पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एस्टीमेट तैयार कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने को कहा। वहीं जिले में हरित आवरण बढ़ाने के लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में पौधरोपण स्थलों का चयन कर लक्ष्य आधारित अभियान चलाने के निर्देश दिए। बीपीसीएल अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कलेक्टर ने कहा कि निर्धारित लक्ष्य के अनुसार अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए। साथ ही लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जाएं। डॉग बाइट की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने डॉग स्टरलाइजेशन सेंटर को प्रभावी ढंग से संचालित करने और पीड़ितों के समय पर वैक्सीनेशन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक के अंत में कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों पर नाराजगी जताते हुए 50 और 100 दिनों से अधिक पुराने मामलों का एक सप्ताह के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए।







