सिंगरौली। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत जिले भर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। 16 जून से 30 जून तक आयोजित इस अभियान में एनसीएल की सभी परियोजनाएं एवं इकाइयां सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।
पखवाड़े के दौरान कार्यालय परिसरों, आवासीय कॉलोनियों, खदान क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान संचालित किए जा रहे हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा श्रमदान कर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान के तहत खड़िया, ककरी, अमलोरी परियोजना और सीडब्ल्यूएस इकाई द्वारा सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए जूट के थैलों का वितरण किया गया, जबकि दूधीचुआ परियोजना ने कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए डस्टबिन बांटे। झिंगुरदा परियोजना में निबंध प्रतियोगिता आयोजित कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई। वहीं सीडब्ल्यूएस इकाई में केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने सामूहिक श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अभियान में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। जयंत परियोजना ने क्षेत्र के पांच विद्यालयों को “प्लास्टिक एवं स्पीट फ्री” घोषित कर विशेष पहल की है। इन विद्यालयों में प्लास्टिक उपयोग पर रोक लगाने और स्वच्छ परिसर बनाए रखने के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। दूसरी ओर अमलोरी परियोजना द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जन चौपाल आयोजित कर लोगों को कपड़े एवं जूट के थैलों के उपयोग तथा साफ-सफाई बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। डीएवी अमलोरी के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्लास्टिक मुक्त समाज का संदेश दिया। एनसीएल प्रबंधन के अनुसार स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान रैली, चित्रकला, निबंध, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, वृक्षारोपण, पौध वितरण, जल स्रोतों की सफाई और वर्षा जल संचयन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छ एवं हरित वातावरण निर्माण की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।







