best news portal development company in india

अब दफ्तरों के चक्कर नहीं, जन कल्याण शिविर में एक ही जगह मिल रही योजनाओं की जानकारी

SHARE:

सिंगरौली। आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से दिलाने के उद्देश्य से शुरू हुए सात दिवसीय जन कल्याण शिविर का गुरुवार को जनपद पंचायत बैढ़न सभागार में शुभारंभ किया गया। 12 से 18 जून तक चलने वाले इस शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी और आवेदन की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही है।

शिविर के उद्घाटन अवसर पर विधायक राम निवास शाह ने कहा कि शासन की योजनाएं गरीब, किसान, मजदूर और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में बदलाव लाने के लिए बनाई गई हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे शिविर में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लें और पात्रता के अनुसार उनका लाभ प्राप्त करें। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन भी स्वीकार किए जा रहे हैं। जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने शिविर में अपनी समस्याएं और आवेदन प्रस्तुत किए। प्रशासन का मानना है कि इस पहल से न केवल लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी, बल्कि योजनाओं का लाभ भी तेजी से जरूरतमंदों तक पहुंचेगा।

Leave a Comment