बागपत। जिले से सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है।
बड़ौत थाना क्षेत्र के नौरोजपुर गुर्जर गांव निवासी किसान सचिन डागर (34) की शनिवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पत्नी रचना ने पड़ोसियों को सूचना दी थी कि सचिन की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले ने तब नया मोड़ लिया जब परिजनों और ग्रामीणों ने सचिन के गले पर चोट के निशान देखे और हत्या की आशंका जताई। पुलिस ने जांच शुरू की तो सीसीटीवी फुटेज में एक युवक रात के समय रचना के घर में आते-जाते दिखाई दिया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रचना की इंस्टाग्राम के जरिए रंछाड़ गांव निवासी सोनू से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच कथित प्रेम संबंध थे, जिनका सचिन विरोध करता था। पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि पूछताछ में रचना ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। आरोप है कि वारदात से पहले उसने खीर में नशीली गोलियां मिलाकर पति को खिलाईं। इसके बाद प्रेमी सोनू के साथ मिलकर उसका गला घोंट दिया। दो डॉक्टरों के पैनल द्वारा किए गए पोस्टमार्टम में भी गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। पुलिस फरार आरोपी सोनू की तलाश में जुटी है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।






