सिंगरौली। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सिंगरौली परिवहन विभाग लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर जिले में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, जिसकी आमजन द्वारा भी सराहना की जा रही है।
सड़क सुरक्षा को लेकर सिंगरौली परिवहन विभाग इन दिनों पूरी सक्रियता के साथ काम कर रहा है। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बाद विभाग ने केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने को प्राथमिकता बनाते हुए सुरक्षा अभियान को जन-जागरूकता से जोड़ दिया है। सिंगरौली–सोनभद्र मार्ग पर झूराई आरटीओ चेकपॉइंट में चल रही सघन जांच के दौरान बसों और अन्य यात्री वाहनों की फिटनेस, परमिट और सुरक्षा उपकरणों की बारीकी से जांच की जा रही है। खास बात यह है कि विभाग सिर्फ चालान तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहन चालकों और संचालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। अभियान के दौरान अधिकारियों ने कई वाहन चालकों को आपातकालीन सुविधाओं, फायर सेफ्टी और मेडिकल किट की उपयोगिता समझाई। वहीं नियमों का पालन करने वाले वाहन संचालकों की सराहना भी की गई, जिससे सकारात्मक संदेश देखने को मिला। जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर के नेतृत्व में 29 मई को रेडियम रिफ्लेक्टर अभियान भी शुरू किया जाएगा। इससे रात के समय वाहनों की दृश्यता बढ़ेगी और दुर्घटनाओं में कमी आने की उम्मीद है।







