सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने जिले के शासकीय कार्यालयों में समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर कार्यालय पहुंचना सुनिश्चित करें।
सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशों के अनुसार सभी शासकीय कार्यालयों का समय प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित किया गया है। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि कई अधिकारी एवं कर्मचारी निर्धारित समय के बाद कार्यालय पहुंचते हैं और शाम 6 बजे से पहले ही कार्यालय छोड़ देते हैं।
कलेक्टर ने इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए निर्देश दिए हैं कि सभी शासकीय सेवक सुबह 10 बजे से पहले अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं तथा शाम 6 बजे के बाद ही कार्यालय से प्रस्थान करें। आदेश में कहा गया है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय में अनुपस्थित पाया जाता है, तो संबंधित कर्मचारी का उस दिन का वेतन काटा जाएगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों, अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि इस कदम से शासकीय कार्यों में अनुशासन बढ़ेगा और आम नागरिकों को बेहतर व समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी।







