उत्तर प्रदेश। यूपी के संभल जिले से एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए पांच दिन के अंतराल में चार बच्चों को जन्म दिया। इस अनोखे मामले ने डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया है।
संभल जिले से एक बेहद अनोखा मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने सामान्य प्रसव के जरिए पांच दिन के अंतराल में चार बच्चों को जन्म दिया। इस दुर्लभ घटना ने डॉक्टरों को भी हैरान कर दिया है। ओवरी गांव निवासी अमीना का इलाज मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर अस्पताल में चल रहा था। अस्पताल के अनुसार अमीना ने 9 मई को पहले बच्चे को जन्म दिया, जबकि 14 मई को डॉक्टरों की निगरानी में तीन अन्य बच्चों का जन्म हुआ। चारों नवजातों में दो बेटे और दो बेटियां हैं। डॉ. शुभ्रा अग्रवाल की टीम ने इस जटिल डिलीवरी को सफलतापूर्वक पूरा किया। डॉक्टरों के मुताबिक अस्पताल में यह पहला मामला है, जिसमें चार बच्चों का सामान्य प्रसव कराया गया है। गर्भावस्था के शुरुआती महीनों में ही अल्ट्रासाउंड से चार भ्रूण होने की पुष्टि हो गई थी। चिकित्सकों ने जटिलता को देखते हुए परिवार को भ्रूण संख्या कम करने की सलाह दी थी, लेकिन परिवार ने गर्भ जारी रखने का फैसला किया। फिलहाल चारों बच्चों को एहतियातन वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। वहीं मां अमीना भी पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस अनोखी घटना के बाद परिवार ने डॉक्टरों की टीम का आभार जताया है। मामला अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।







