सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के आरएलआई परिसर में बालिका सशक्तिकरण अभियान GEM-2026 के अंतर्गत प्रतिभागी बालिकाओं के लिए “बाल अधिकार, बाल संरक्षण अधिनियम एवं व्यक्तिगत सुरक्षा” विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना रहा।
सिंगरौली। एनटीपीसी विंध्याचल के आरएलआई परिसर में चल रहे बालिका सशक्तिकरण अभियान GEM-2026 के तहत प्रतिभागी बालिकाओं के लिए “बाल अधिकार, बाल संरक्षण अधिनियम एवं व्यक्तिगत सुरक्षा” विषय पर विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और आत्मविश्वास के प्रति जागरूक बनाना रहा। कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश अतुल कुमार खंडेलवाल, अतिरिक्त जिला न्यायाधीश खालिद मोहतारम अहमद एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव मनोरम तिवारी ने बालिकाओं को संबोधित किया। उन्होंने गुड टच-बैड टच, पॉक्सो एक्ट, सोशल मीडिया फ्रॉड और डेटा सुरक्षा जैसे विषयों पर विस्तार से जानकारी देते हुए बालिकाओं को सजग रहने की सलाह दी। अतिथियों ने कहा कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या असहज स्थिति में चुप रहने के बजाय आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और GEM-2026 कार्यशाला से अधिकतम सीख लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम परियोजना प्रमुख संजीब कुमार साहा एवं मानव संसाधन प्रमुख रूमा दे शर्मा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस दौरान मानव संसाधन, सीएसआर एवं विधि विभाग के अधिकारियों की भी सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन के माध्यम से एनटीपीसी विंध्याचल ने बालिकाओं के समग्र विकास और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।







