सिंगरौली। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और सुचारु बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री गौरव बैनल लगातार सख्ती बरत रहे हैं। इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए औचक निरीक्षण के दौरान लापरवाही मिलने पर दो सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) पर कार्रवाई की गई है। कलेक्टर के निर्देश पर डीपीएम एवं डीएचओ ने बैढ़न ब्लॉक के उप स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र नौगई में पदस्थ सीएचओ नगमा परवीन अनुपस्थित पाई गईं। वहीं उप स्वास्थ्य केंद्र परसौना निर्धारित समय पर बंद मिला, जिसे गंभीर लापरवाही माना गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने नौगई की सीएचओ नगमा परवीन और परसौना की सीएचओ रीता शाह को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा परसौना केंद्र की एएनएम लक्ष्मी सिंह को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में उप स्वास्थ्य केंद्र स्वास्थ्य सेवाओं की पहली कड़ी हैं। यहां गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन परामर्श, दवा वितरण और मरीजों का उपचार जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं दी जाती हैं। ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति उदासीन पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।







