सिंगरौली। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन में जिला प्रशासन और खनिज विभाग ने अवैध खनिज उत्खनन एवं परिवहन के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। गुरुवार को कचनी रोड स्थित ई-चेक गेट पर की गई जांच के दौरान बिना वैध ईटीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) के खनिज परिवहन करते पाए गए चार वाहनों पर बड़ी कार्रवाई की गई।
ऑनलाइन परीक्षण के दौरान वाहन क्रमांक MP66 H2022, MP66 ZH 8297, MP66 A4695 और CG29AJ1911 को अवैध परिवहन करते पकड़ा गया। खनिज विभाग ने तत्काल ऑनलाइन ई-चालान जारी करते हुए चारों वाहनों पर कुल 5 लाख 95 हजार 600 रुपये का अर्थदंड प्रस्तावित किया है। साथ ही संबंधित वाहन स्वामियों को ऑनलाइन डिमांड नोटिस भी जारी कर दिए गए हैं।
खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि जिले में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। खनिज निरीक्षक के नेतृत्व में समय-समय पर औचक निरीक्षण भी किए जा रहे हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनिज व्यापार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







