सिंगरौली। जिले में अवैध मदिरा व्यापार और संग्रहण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 72 बल्क लीटर देशी शराब जप्त की है। कार्रवाई कलेक्टर श्री गौरव बैनल के मार्गदर्शन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्री सतीश कश्यप के निर्देशन में सरई वृत्त क्षेत्र में की गई।
आबकारी विभाग की टीम ने सरई थाना क्षेत्र के निगरी निवासी बालमुकुंद साहू के पोल्ट्री फार्म पर दबिश दी। तलाशी के दौरान 4 कार्टून देशी मदिरा मसाला और 4 कार्टून देशी मदिरा प्लेन बरामद हुई। कुल 72 बल्क लीटर शराब की अनुमानित कीमत 36 हजार 200 रुपये आंकी गई है। आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। कार्रवाई की पूरी वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्वेता सिंह, आबकारी आरक्षक रीतिका चौकसे, अनुज भुंजिया एवं धीरू सिंह की सक्रिय भूमिका रही।







