best news portal development company in india

विस्थापितों की समस्याओं पर कलेक्टर सख्त, कंपनियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

SHARE:

सिंगरौली। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित औद्योगिक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ टीएल पत्रों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने विस्थापितों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि टीएल बैठक में प्रस्तावित सभी आवेदनों का उच्च प्राथमिकता के आधार पर समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने विशेष रूप से आर.एन.आर. कॉलोनियों में रहने वाले विस्थापित परिवारों की समस्याओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कॉलोनियों में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए ओवरहेड टैंक एवं पाइपलाइन के माध्यम से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए। आवश्यकता पड़ने पर जल जीवन मिशन की पाइपलाइन का भी सहयोग लेने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि विस्थापितों के लिए केवल आवास उपलब्ध कराना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें बेहतर जीवन स्तर देने हेतु सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना कंपनियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने कॉलोनियों में सर्वसुविधायुक्त चिकित्सालय एवं बच्चों की शिक्षा के लिए उचित विद्यालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। बैठक में कलेक्टर ने औद्योगिक कंपनियों को स्पष्ट रूप से कहा कि वे विस्थापन से संबंधित सभी निर्धारित पैरामीटर्स का शत-प्रतिशत पालन करें तथा पात्र विस्थापितों को नियमानुसार सभी लाभ प्रदान करना सुनिश्चित करें। उन्होंने शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर देते हुए कहा कि विस्थापन नीतियों से संबंधित शिकायतों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत समाधान किया जाए। इसके साथ ही कलेक्टर ने कंपनियों को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर पर समय-समय पर जन समस्या निवारण शिविर आयोजित करें, ताकि विस्थापितों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा सके।

Leave a Comment