सिंगरौली। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार सिंगरौली नगर में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ आज 1 मई को प्रातः 10:30 बजे से किया जाएगा। यह अभियान नगर के तीनों जोन अंतर्गत आने वाले कुल 45 वार्डों में एक साथ संचालित होगा।
नगर जनगणना अधिकारी श्रीमती सविता प्रधान के नेतृत्व में शुरू हो रहे इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य को प्रभावी ढंग से पूर्ण करना है, जो आगामी राष्ट्रीय जनगणना की आधारभूत प्रक्रिया होगी। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वार्ड में प्रगणकों और पर्यवेक्षकों की विशेष टीमें तैनात की गई हैं, जो घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण करेंगी। इस दौरान आम नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया के महत्व और इसके उद्देश्यों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। नगर जनगणना अधिकारी ने बताया कि इस चरण में प्रत्येक मकान का विस्तृत रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा, जो भविष्य की विकास योजनाओं, शहरी सुविधाओं और आधारभूत ढांचे के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्रीमती सविता प्रधान ने नगरवासियों से अपील की है कि वे गणना दल को सही और वास्तविक जानकारी उपलब्ध कराकर इस महत्वपूर्ण कार्य में पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि जनगणना में एकत्र किए गए आंकड़े ही शहर के विकास की दिशा तय करेंगे।







