best news portal development company in india

रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल सुधार पर जोर, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

SHARE:

सिंगरौली। कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंगरौली विधायक श्री रामनिवास शाह विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय की मूलभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के लिए सख्त निर्देश जारी किए। कलेक्टर ने सिविल सर्जन को निर्देशित किया कि रोगी कल्याण समिति की राशि का उपयोग पूरी पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल में मानव संसाधन के उचित प्रबंधन पर जोर देते हुए कहा कि संवेदनशील वार्डों में पर्याप्त स्टाफ की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा ड्यूटी शिफ्ट की नियमित मॉनिटरिंग हो। साथ ही, अस्पताल की स्वच्छता व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि वार्डों एवं शौचालयों की सफाई प्रतिदिन प्रातः अनिवार्य रूप से कराई जाए। गर्मी के मौसम को देखते हुए कलेक्टर ने अस्पताल में एसी, पंखे एवं कूलर की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कैंटीन संचालन की समीक्षा करते हुए कहा कि मरीजों एवं उनके परिजनों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उचित दर पर उपलब्ध कराया जाए।

विधायक श्री रामनिवास शाह ने बैठक में सुझाव देते हुए अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, कर्मचारियों के वेतन भुगतान समय पर करने तथा वाहन चालकों के मानदेय और स्टाफ ड्यूटी रूम की व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों को बेहतर एवं सुगम उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

Leave a Comment