बस्ती। जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेम संबंध के चलते आधी रात को एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने उसके ससुराल पहुंच गया। लेकिन किस्मत ने साथ नहीं दिया और परिजनों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद घर में जमकर हंगामा हुआ और युवक की पिटाई कर दी गई।
जिले में प्रेम प्रसंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक अपनी शादीशुदा प्रेमिका से मिलने रात के करीब दो बजे उसके ससुराल पहुंच गया, लेकिन परिजनों ने दोनों को रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद युवक की जमकर पिटाई कर दी गई।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र का रहने वाला युवक पिछले चार साल से एक महिला के साथ प्रेम संबंध में था। महिला की शादी गौर थाना क्षेत्र में हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना हुआ था।
रविवार देर रात युवक दीवार फांदकर महिला के ससुराल में घुस गया। घर के लोगों को आहट हुई तो वे जाग गए और युवक को बहू के साथ पकड़ लिया। इसके बाद गुस्साए परिजनों ने युवक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी नाक पर चोट आई। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
उक्त मामले में उस वक्त नया मोड़ आ गया जब महिला ने पुलिस और अपने ससुराल वालों के सामने साफ कह दिया कि वह चार साल से युवक से प्यार करती है और अब अपने पति के साथ नहीं बल्कि प्रेमी के साथ रहना चाहती है। महिला के इस बयान से परिवार और पुलिस दोनों हैरान रह गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।







