मेरठ। जेल चुंगी इलाके में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां नगर निगम की दुकानों में रहने वाले एक युवक ने शराब के लिए पैसे न मिलने पर अपने ही पिता की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे की है। आरोपी युवक अमन ने अपने 43 वर्षीय पिता राजेश कुमार पर डंडे और ईंट से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार 43 वर्षीय राजेश कुमार मूल रूप से बिहार के मोतिहारी जिले के निवासी थे और पिछले करीब 20 वर्षों से मेरठ के जेल चुंगी इलाके में नगर निगम की दुकानों में रहकर कबाड़ का काम करते थे। इसी काम से वह अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनका इकलौता बेटा अमन शराब का आदी था और अक्सर नशे में घर लौटता था।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात भी अमन नशे में घर पहुंचा, जिस पर पिता ने उसे शराब छोड़ने की नसीहत दी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। परिजनों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। लेकिन शनिवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे अमन ने फिर से शराब पीने के लिए पिता से पैसे मांगे। राजेश कुमार ने पैसे देने से इनकार कर दिया, जिससे गुस्से में आकर अमन ने पहले डंडे से पिता के सिर पर कई वार किए। इसके बाद उसने ईंट उठाकर उनके सिर और शरीर पर हमला कर दिया। हमले में राजेश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
परिजन उन्हें तुरंत लोकप्रिय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद आरोपी अमन ने खुद की कलाई काटकर आत्महत्या करने की कोशिश की, लेकिन आसपास के लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है।







