सागर। शहर के खुरई ओवरब्रिज पर टहलने निकले एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में उनके साथ चल रहा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, जिसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गुलाबचंद जैन और राजेंद्र कठरया शुक्रवार रात करीब 10 बजे खुरई रोड स्थित शांतिनाथ मंदिर में स्वाध्याय पाठ करने के बाद घर लौट रहे थे। दोनों खुरई ओवरब्रिज से पैदल गुजर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गुलाबचंद जैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राजेंद्र कठरया को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद स्थानीय लोगों हन्नू राजपूत और मंटू तोमर ने दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी में रखवाया गया है, जिसका पीएम शनिवार को किया जाएगा।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में जैन समाज के लोग अस्पताल पहुंच गए और आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। कार्रवाई में देरी से नाराज समाज के लोगों ने शनिवार सुबह सर्वोदय चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया, जिससे कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। करीब आधे घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी अनूप यादव के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया। समाज के लोगों ने शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग भी उठाई है।







